भव्य उद्घाटन, ग्रामीणों में दिखा उत्साह बच्चों के चेहरे खिले

May 27, 2026 - 09:55
 0  47
भव्य उद्घाटन, ग्रामीणों में दिखा उत्साह बच्चों के चेहरे खिले

मिश्रिख/सीतापुर। ग्राम पंचायत बढ़ैया में मंगलवार 26 मई 2026 को नवनिर्मित आंगनवाड़ी केंद्र का उद्घाटन समारोह बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में ग्रामीणों, महिलाओं, बच्चों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की भारी उपस्थिति देखने को मिली। गांव में नव निर्मित आंगनवाड़ी केंद्र के शुभारंभ को ग्रामीणों ने विकास एवं बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बाल विकास परियोजना अधिकारी अनीता सिंह एवं मुख्य सेविका रागिनी मिश्रा रहीं। दोनों अतिथियों ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर आंगनवाड़ी केंद्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के बेहतर पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा का मजबूत आधार हैं। सरकार एवं बाल विकास विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों और महिलाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास ही समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव है।

विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान अरुण कुमार मौर्य, पंचायत सहायक आकाश मौर्य, पंचायत मित्र शिवसागर तथा कंपोजिट विद्यालय बढ़ैया के प्रधानाध्यापक रणविजय सिंह यादव उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि गांव में आंगनवाड़ी केंद्र का निर्माण क्षेत्र के बच्चों एवं महिलाओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। इससे बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा, पोषण आहार एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ सुगमता से प्राप्त हो सकेगा।

कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालय टिपोना के प्रधानाचार्य जितेंद्र सिंह चौहान, कंपोजिट विद्यालय बढ़ैया के सहायक अध्यापक निर्मल कुमार मिश्र, सहायक अध्यापक चंद्रशेखर, सर्वजीत तिवारी, आशा संगिनी गीता देवी, आंगनवाड़ी कार्यकत्री सरोज कुमारी सहित क्षेत्र के अनेक समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों ने केंद्र के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सरकार एवं विभाग के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्था एवं परिकल्पना आंगनवाड़ी कार्यकत्री सुहानी देवी द्वारा की गई, जिसकी उपस्थित लोगों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। वहीं कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन समाजसेवी सुरेंद्र कांत मौर्य ने किया। संचालन के दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों की उपयोगिता एवं ग्रामीण विकास में उनकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।

समारोह के दौरान बच्चों एवं महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे कार्यक्रम में सामाजिक समरसता, सहयोग एवं उत्सव जैसा माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इस केंद्र के माध्यम से गांव के बच्चों को बेहतर पोषण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त होंगी तथा क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Bahumulya Janta बहुमूल्य जनता राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र, सीतापुर उत्तर प्रदेश से प्रकाशित।