चन्द्रशेखर प्रजापति को मिला “भाषाविद् डॉ. सुंदर लाल राठौर सम्मान” क्षेत्र में खुशी की लहर, शुभचिंतकों ने दी शुभकामनाएं
सीतापुर सिधौली। संघर्ष, समर्पण और सतत परिश्रम कभी व्यर्थ नहीं जाते। देर-सबेर मेहनत अपनी पहचान स्वयं बना लेती है। इस सत्य को साकार कर दिखाया है सिधौली तहसील क्षेत्र के ग्राम सरौरा खुर्द निवासी युवा साहित्यप्रेमी एवं जनपक्षधर पत्रकार चन्द्रशेखर प्रजापति ने, जिन्हें उनके उत्कृष्ट लेखन, प्रभावशाली अभिव्यक्ति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित “भाषाविद् डॉ. सुंदर लाल राठौर सम्मान” से सम्मानित किया गया।
सिधौली स्थित बंशीवाला रेस्टोरेंट में आयोजित एक गरिमामयी समारोह में सैकड़ों साहित्यकारों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों की उपस्थिति में यह सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीतापुर सांसद राकेश राठौर ने अपने करकमलों से डॉ चन्द्रशेखर प्रजापति को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्हें अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति देकर सम्मानित किया गया। विशेष बात यह रही कि इस सम्मान को प्राप्त करने वाले प्रथम व्यक्तित्व बनने का गौरव भी चन्द्रशेखर प्रजापति को हासिल हुआ।
चन्द्रशेखर प्रजापति लंबे समय से अपनी सहज, मनमोहक एवं प्रभावशाली सम्बोधन शैली के लिए पहचाने जाते हैं। उनकी लेखनी केवल शब्दों का संयोजन नहीं, बल्कि समाज के आम जनमानस की पीड़ा, संघर्ष और उम्मीदों की आवाज मानी जाती है। उन्होंने पत्रकारिता को केवल सूचना का माध्यम न मानकर जनभावनाओं और सामाजिक चेतना को अभिव्यक्त करने का सशक्त मंच बनाया है। यही कारण है कि उनके लेखन में गांव, किसान, युवा, शिक्षा, सामाजिक विषमताएं और जनसमस्याएं प्रमुखता से दिखाई देती हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में निष्पक्ष एवं जनहित आधारित पत्रकारिता दुर्लभ होती जा रही है, ऐसे दौर में चन्द्रशेखर प्रजापति जैसे युवा लेखक और पत्रकार समाज के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, व्यवहार कुशलता और सृजनशीलता के बल पर एक अलग पहचान बनाई है।
बताते चलें कि डॉ चन्द्रशेखर प्रजापति को इससे पूर्व भी अनेक उपलब्धियां प्राप्त हो चुकी हैं। उन्हें हिन्दी विद्यापीठ, भागलपुर (बिहार) द्वारा विद्या वाचस्पति (Ph.D.) डॉक्टरेट मानद उपाधि से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त स्वच्छता जागरूकता अभियान में उल्लेखनीय योगदान के लिए जिलाधिकारी सीतापुर द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया था। सामाजिक चेतना और साहित्यिक अभिरुचि के क्षेत्र में उनकी सक्रियता लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है।
सम्मान समारोह के दौरान क्षेत्र के अनेक प्रतिष्ठित लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाई दी। इनमें पूर्व आईए प्रशिक्षक डॉ. गंगाप्रसाद शर्मा ‘गुणशेखर’, कामरेड डॉ. ब्रज बिहारी, शिक्षाविद् आर. डी. वर्मा, साहित्यकार डॉ. देवेंद्र कश्यप ‘निडर’, सुनीला रावत, रोशनी गुप्ता, संजय राठौर, राहुल सिंह, दीन मोहम्मद, पिंकी अरविंद प्रजापति सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह का वातावरण साहित्यिक गरिमा, सामाजिक चेतना और सम्मान भाव से ओतप्रोत दिखाई दिया। उपस्थित लोगों ने आशा व्यक्त की कि चन्द्रशेखर प्रजापति भविष्य में भी अपनी लेखनी के माध्यम से समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते रहेंगे तथा युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेंगे।
आज जब समाज को संवेदनशील सोच और निष्पक्ष अभिव्यक्ति की आवश्यकता है, ऐसे समय में चन्द्रशेखर प्रजापति को मिला यह सम्मान केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि जनसरोकारों से जुड़ी विचारशील पत्रकारिता और साहित्यिक चेतना का सम्मान माना जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
1