गुरुकुल लाईब्रेरी का भव्य उद्घाटन काव्यों उत्साह में गूंजा साहित्यिक स्वर

Apr 19, 2026 - 21:11
 0  3
गुरुकुल लाईब्रेरी का भव्य उद्घाटन काव्यों उत्साह में गूंजा साहित्यिक स्वर

सिधौली। शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में नई चेतना जगाने के उद्देश्य से गुरुकुल लाइब्रेरी, सिधौली का भव्य उद्घाटन समारोह एवं काव्योत्सव रविवार को बिसवां चौराहा स्थित के.आर. पैलेस के निकट अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के शिक्षाविदों, साहित्यकारों, समाजसेवियों एवं विद्यार्थियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता आर. डी. वर्मा (गुरु जी) ने की, कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में विधायक मनीष रावत ने गुरुकुल लाइब्रेरी का फीता काटकर किया उद्घाटन।

  विशिष्ट अतिथियों में रामपाल भार्गव, केदार नाथ शुक्ल, डॉ. देवेन्द्र कश्यप "निडर", रोहित विश्वकर्मा, पिंकी प्रजापति तथा विकास मौर्य "विक्कू" ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ाई। आयोजक विनोद रावत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि गुरुकुल लाइब्रेरी विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षार्थियों और साहित्य प्रेमियों के लिए ज्ञान, अध्ययन और प्रेरणा का सशक्त केंद्र बनेगी। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र में सकारात्मक शैक्षिक वातावरण का निर्माण करना है।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. चंद्रशेखर प्रजापति ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय केवल पुस्तकों का संग्रह नहीं होता, बल्कि वह समाज की बौद्धिक चेतना का केंद्र होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पुस्तकों को अपना सच्चा मित्र बनाने और निरंतर अध्ययन के माध्यम से जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उद्घाटन के उपरांत आयोजित काव्योत्सव में आमंत्रित कवियों ने एक से बढ़कर एक रचनाओं का पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कविता पाठ करने वालों में नीतू वर्मा ने भी अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से श्रोताओं की खूब सराहना प्राप्त की। 

कविताओं में सामाजिक सरोकार, मानवीय संवेदनाएं, शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रप्रेम की भावनाओं का सुंदर समावेश देखने को मिला। उपस्थित श्रोताओं ने तालियों की गूंज के साथ कवियों का उत्साहवर्धन किया। समारोह के समापन पर उपस्थित लोगों ने गुरुकुल लाइब्रेरी की इस पहल को सिधौली के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षिक उपलब्धि बताते हुए आयोजक मंडल को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के सफल आयोजन से क्षेत्र के साहित्य और शिक्षा प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Bahumulya Janta बहुमूल्य जनता राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र, सीतापुर उत्तर प्रदेश से प्रकाशित।