सीतापुर जिले के फार्मासिस्ट प्रशिक्षु छात्रों को लेकर यूथ फार्मासिस्ट फेडरेशन द्वारा उठाया गया कदम रंग लाया।

Jun 17, 2026 - 14:23
Jun 17, 2026 - 14:30
 0  17
सीतापुर जिले के फार्मासिस्ट प्रशिक्षु छात्रों को लेकर यूथ फार्मासिस्ट फेडरेशन द्वारा उठाया गया कदम रंग लाया।

सीतापुर सिधौली। सीतापुर जिले के फार्मासिस्ट प्रशिक्षु छात्रों के हितों की रक्षा और उनकी व्यावहारिक समस्याओं के समाधान को लेकर यूथ फार्मासिस्ट फेडरेशन द्वारा उठाया गया कदम रंग लाया। संगठन के जिला अध्यक्ष रंजीत यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. सुखरंजन समाद्दार से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें फार्मासिस्ट प्रशिक्षु छात्रों की समस्याओं से अवगत कराया।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने छात्रों को प्रशिक्षण प्राप्त करने में आने वाली कठिनाइयों, दूरस्थ स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने की समस्या, समय एवं आर्थिक संसाधनों की बर्बादी तथा प्रशिक्षण व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता को विस्तारपूर्वक रखा।

प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुखरंजन समाद्दार ने छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से महत्वपूर्ण निर्णय लिया। उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए उपस्थित सभी फार्मासिस्ट प्रशिक्षु छात्रों को उनके नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। सीएमओ के इस त्वरित एवं छात्र-हितैषी निर्णय से प्रशिक्षु छात्रों में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने इसे अपने भविष्य के लिए एक बड़ी राहत बताया।

सीएमओ डॉ. सुखरंजन समाद्दार ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में प्रशिक्षित और दक्ष फार्मासिस्टों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्रों को बेहतर वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है, ताकि वे भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित कर सकें।

यूथ फार्मासिस्ट फेडरेशन के जिला अध्यक्ष रंजीत यादव ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय न केवल छात्रों की लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान करेगा, बल्कि उन्हें बेहतर प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर भी प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि संगठन हमेशा फार्मासिस्टों एवं प्रशिक्षु छात्रों के हितों की आवाज बनकर कार्य करता रहेगा और उनकी समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने का काम निरंतर करता रहेगा।

रंजीत यादव ने इस अवसर पर उत्तर प्रदेश फार्मेसी काउंसिल के पूर्व चेयरमैन आदरणीय सुनील कुमार यादव के मार्गदर्शन और प्रेरणा का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन छात्र हित, फार्मासिस्ट कल्याण और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में निरंतर सक्रिय है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन और संगठन के आपसी समन्वय से भविष्य में भी छात्रों और स्वास्थ्य कर्मियों से जुड़े मुद्दों का सकारात्मक समाधान होता रहेगा।

सीएमओ के इस सराहनीय और दूरदर्शी निर्णय की छात्र समुदाय तथा स्वास्थ्य विभाग से जुड़े लोगों द्वारा व्यापक प्रशंसा की जा रही है। प्रशिक्षु छात्रों ने भी यूथ फार्मासिस्ट फेडरेशन एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस फैसले से उन्हें अनावश्यक परेशानियों से राहत मिलेगी और वे अपने प्रशिक्षण पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।

इस अवसर पर यूथ फार्मासिस्ट फेडरेशन के पदाधिकारी, प्रशिक्षु छात्र एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Bahumulya Janta बहुमूल्य जनता राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र, सीतापुर उत्तर प्रदेश से प्रकाशित।