पहल फाउंडेशन की मेहनत लाई रंग, ड्रॉप आउट विद्यार्थियों ने फिर थामा शिक्षा का दामन

May 25, 2026 - 06:16
 0  52
पहल फाउंडेशन की मेहनत लाई रंग, ड्रॉप आउट विद्यार्थियों ने फिर थामा शिक्षा का दामन

बिसवां / सीतापुर। तहसील क्षेत्र के विकासखंड बिसवां अंतर्गत ग्राम रमईपुर में पहल फाउंडेशन के तत्वावधान में “शिक्षा संकल्प कार्यक्रम” के अंतर्गत आयोजित एक दिवसीय विशेष कार्यशाला एवं जागरूकता शिविर ने शिक्षा के क्षेत्र में नई उम्मीद जगाई। गांव में आयोजित इस विशेष अभियान के दौरान उन विद्यार्थियों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया गया, जिन्होंने कक्षा 8 के बाद अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ दी थी।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ड्रॉप आउट एवं स्कूल आउट बच्चों को दोबारा विद्यालय से जोड़ना तथा अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा। संस्था की टीम ने गांव में संगोष्ठी, संवाद, खेल गतिविधियों और प्रेरक एक्टिविटी के माध्यम से बच्चों और अभिभावकों को शिक्षा के लिए प्रेरित किया।

अभियान का असर उस समय देखने को मिला जब कक्षा 8 के बाद पढ़ाई छोड़ चुके 6 छात्राओं एवं 3 छात्रों ने निकटवर्ती विद्यालय में पुनः प्रवेश लिया। सभी विद्यार्थियों का प्रवेश बृजमोहन लाल शकुंतला देवी इंटर कॉलेज, मझिगवां में कराया गया, जिससे बच्चों एवं अभिभावकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बच्चों के विद्यालय से जुड़ने पर अभिभावकों ने भी खुशी व्यक्त की और शिक्षा को जीवन का सबसे बड़ा आधार बताया। इसके अतिरिक्त डेढ़ दर्जन से अधिक अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने और शिक्षा से जोड़ने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान बार-बार गूंजता रहा प्रेरणादायी संदेश —

“डॉ. सुधाकर वर्मा का यह सपना — शिक्षित हो हर बच्चा अपना”

शिक्षाविद् डॉ. सुधाकर वर्मा के मार्गदर्शन में पहल फाउंडेशन जनपद सीतापुर के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार शिक्षा जागरूकता अभियान चला रहा है। संस्था का उद्देश्य ऐसे बच्चों तक शिक्षा पहुंचाना है जो आर्थिक, सामाजिक या अन्य कारणों से विद्यालय से दूर हो चुके हैं। संस्था द्वारा सरकारी, निजी एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में विद्यार्थियों का प्रवेश कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

इस विशेष कार्यक्रम में प्रोजेक्ट दाता के रूप में डॉ. सुधाकर वर्मा का महत्वपूर्ण सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में प्रोजेक्ट मैनेजर पिंकी प्रजापति, दिवाकर वर्मा, फैसिलिटेटर लवलेश कुमार तथा डॉ. चंद्रशेखर प्रजापति सहित कई शिक्षाविद एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने पहल फाउंडेशन के इस अभियान की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Bahumulya Janta बहुमूल्य जनता राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र, सीतापुर उत्तर प्रदेश से प्रकाशित।